मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में पुलिस ने डोडाचूरा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए फिल्म ‘पुष्पा’ की तर्ज पर की जा रही तस्करी का पर्दाफाश किया है। मल्हारगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो वाहन से 173 किलो से अधिक डोडाचूरा बरामद किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।


जानकारी के अनुसार मल्हारगढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की बोलेरो में अवैध मादक पदार्थ की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मल्हारगढ़-जीरन मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका और उसकी तलाशी ली।


प्रारंभिक जांच में वाहन सामान्य दिखाई दिया, लेकिन जब पुलिस ने गहनता से निरीक्षण किया तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। तस्करों ने बोलेरो की छत और पीछे की सीट के नीचे विशेष रूप से वेल्डिंग कर गुप्त केबिन तैयार किए थे, जिनमें बड़ी मात्रा में पिसा हुआ डोडाचूरा छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने केबिन खुलवाकर मादक पदार्थ बरामद किया और वाहन को जब्त कर लिया।


कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार जब्त किए गए डोडाचूरा की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। अब जांच इस दिशा में भी की जा रही है कि यह मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन क्षेत्रों में की जानी थी। पुलिस का मानना है कि इस मामले में तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।