भिंड, अक्षय जोशी । जिले के मौ-मेहगाँव हाईवे स्थित दंदरौआ गेट पर मंगलवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक तेज गति से दौड़ रहा लोडिंग वाहन मोड़ काटते समय अनियंत्रित होकर पहले बिजली के पोल से टकराया और फिर सड़क किनारे खंती में पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि वाहन में कई लोग सवार थे और उसमें एक भैंस भी लदी हुई थी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया।
हादसे में मृतकों की पहचान प्रीतम माझी, सुनील माझी और उपेन्द्र राणा के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही मेहगाँव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन की तेज रफ्तार और चालक द्वारा मोड़ पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है।

