छतरपुर, शिवम चौरसिया । जिले के गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ऊजरा गांव में शासकीय भूमि पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो और ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है।
जानकारी के अनुसार गांव में सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर लंबे समय से यादव और कुशवाहा परिवार के बीच तनातनी चल रही थी। इसी विवाद के चलते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि विवाद के दौरान यादव पक्ष की महिलाओं ने कुशवाहा परिवार के लोगों के साथ मारपीट की। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को गढ़ीमलहरा थाने लाया गया। थाना पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद मामला फिर चर्चा में आ गया।
गढ़ीमलहरा थाना प्रभारी रीता सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो करीब दो दिन पुराना है। दोनों पक्षों के बीच जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद हुआ था। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है, ताकि भविष्य में दोबारा विवाद की स्थिति न बने।

