दमोह, राजेन्द्र तिवारी। बटियागढ़-बक्सवाहा मार्ग पर दूल्हादेव स्थल के पास ट्रैक्टर और कार की टक्कर के बाद विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि ट्रैक्टर सवार लोगों ने कार में सवार परिवार के साथ मारपीट कर दी, जिसमें 4 से 5 लोग घायल हो गए। घायलों में एक महिला राधा रानी पटेल को गंभीर चोटें आई हैं।


जानकारी के अनुसार, बक्सवाहा क्षेत्र के ट्रैक्टर और ट्रॉली से कार पीछे से टकरा गई। बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान कार ट्रॉली के पीछे जा घुसी, जिससे कार सवार लोगों को चोटें आईं। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।


पीड़ित कार सवारों ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ कुंडेश्वर से वापस बटियागढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान दूल्हादेव के पास ट्रैक्टर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे उनकी कार ट्रॉली से टकरा गई। आरोप है कि हादसे के बाद ट्रैक्टर सवारों ने उनके साथ मारपीट की।


घटना में घायल हुई राधा रानी पटेल को इलाज के लिए बटियागढ़ स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए दमोह जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे और विवाद की सूचना मिलने पर बटियागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस से भी बहस की और ट्रैक्टर लेकर बक्सवाहा की ओर रवाना हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।