मुंबई। फिल्म निर्देशक और निर्माता जेपी दत्ता शनिवार को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर उनकी बेटी निधि दत्ता ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। साथ ही, उनके साथ अपने गहरे जुड़ाव पर भी बात की। निधि दत्ता ने इंस्टाग्राम पर अपने पिता के साथ कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिनमें बचपन से लेकर अब तक के उनके साथ बिताए गए सभी यादगार पल शामिल हैं। उन्होंने लिखा, "पापा आपको 77वें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आप मेरी सबसे बड़ी कमजोरी और ताकत दोनों हैं।"

उन्होंने आगे लिखा, "दुनिया के लिए आप एक लीजेंड हैं, लेकिन मेरे लिए आप ही मेरा पूरा दिल, सुरक्षित जगह, सबसे बड़ा आशीर्वाद हैं, हर पल मेरे साथ हैं और मेरे होने की पूरी वजह हैं। मैं जो कुछ भी हूं, उसमें थोड़ा-बहुत आप ही हैं। आपको 'आई लव यू' कहना भी कम लगता है।"

निधि दत्ता की इस पोस्ट पर अभिनेता नील नितिन मुकेश समेत कई सेलेब्स ने रिएक्ट करते हुए जेपी दत्ता को जन्मदिन की बधाई दी।

अभिनेता सुनील शेट्टी ने भी इंस्टाग्राम पर जेपी दत्ता के साथ फिल्म 'बॉर्डर' के सेट की तस्वीर पोस्ट की। इस तस्वीर में अभिनेता फौजी की वर्दी में नजर आ रहे हैं, जबकि जेपी दत्ता उनके साथ बैठे हैं।

अभिनेता ने जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा, "कुछ रिश्ते इतने गहरे होते हैं कि उन्हें शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। मेरी जिंदगी के सफर में जो भी खास है, उसमें आपकी छाप है। जन्मदिन की शुभकामनाएं जेपी सर। हमेशा आभारी रहूंगा। प्यार और गहरा सम्मान, हमेशा।"

जेपी दत्ता 'बॉर्डर', 'रिफ्यूजी' और 'एलओसी कारगिल' जैसी बेहतरीन देशभक्ति और युद्ध पर आधारित फिल्मों के लिए जाने जाते हैं, जिसमें सुनील शेट्टी ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं।