मैहर, प्रशांत शुक्ला। जिले के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुबरी में अवैध रेत उत्खनन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय जनपद सदस्य राजेंद्र सिंह उर्फ मुन्ना ने कलेक्टर, संभागीय आयुक्त एवं आईजी को शिकायत सौंपकर क्षेत्र में हो रहे कथित अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
जनपद सदस्य का आरोप है कि ग्राम कुबरी में लंबे समय से रेत का अवैध उत्खनन जारी है, लेकिन संबंधित विभागों द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। उनका कहना है कि कई बार शिकायतें दर्ज कराई गईं और विरोध प्रदर्शन भी किए गए, इसके बावजूद खनन का कार्य लगातार जारी है।
शिकायत में खनिज विभाग, वन विभाग, राजस्व विभाग तथा स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि संबंधित विभागों की कथित सहमति और उदासीनता के कारण अवैध खनन पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेत उत्खनन से जुड़े फोटो और वीडियो सामने आने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की जाती।
ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध खनन से क्षेत्र के पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंच रहा है, वहीं शासन को राजस्व की भी हानि हो रही है। मामले को लेकर क्षेत्र में जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है।
अब सवाल यह है कि बार-बार शिकायतों और सबूतों के सामने आने के बावजूद प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि जिम्मेदार अधिकारी मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे।

