नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण ने लोगों की सेहत को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। सफदरजंग अस्पताल के सीनियर पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. एनके गुप्ता ने प्रदूषण के खतरनाक स्तर और शरीर पर पड़ने वाले इसके प्रभावों को लेकर आगाह किया है। उन्होंने मौजूदा हालात को धुएं से भरे गैस चैंबर जैसा बताते हुए कहा कि प्रदूषण का असर केवल फेफड़ों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि दिल, दिमाग और शरीर के दूसरे अंगों को भी नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और पहले से सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी।डॉ. गुप्ता ने कहा कि प्रदूषण के स्तर को केवल 400 के आंकड़े तक सीमित करके नहीं देखा जाना चाहिए। अखबारों में प्रकाशित आंकड़ों में यदि विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की सुरक्षित सीमा 15 मानी जाए तो प्रदूषण 150 से 200 गुना तक बताया जा रहा है। कुछ आंकड़े 1700 और कुछ 3000 तक भी पहुंच रहे हैं। कई मॉनिटरिंग स्टेशनों की रीडिंग भी सामने नहीं आई है, लेकिन इतना तय है कि इस बार प्रदूषण पिछले कुछ वर्षों की तुलना में काफी अधिक रहा है। दिल्ली की स्थिति इस समय धुएं से भरे गैस चैंबर जैसी हो गई है और इसका शरीर पर प्रभाव पड़ना स्वाभाविक है।

उन्होंने बताया कि प्रदूषण में मुख्य रूप से तीन तरह के तत्व होते हैं। इनमें मोटे ठोस कण, पार्टिकुलेट मैटर और जहरीली गैसें शामिल हैं। मोटे कण त्वचा को नुकसान पहुंचाने के साथ आंखों और नाक में जलन पैदा करते हैं। वहीं, पीएम 2.5 जैसे सूक्ष्म कण सांस के रास्ते शरीर के अंदर पहुंचकर खून की धमनियों तक जा सकते हैं और शरीर में सूजन यानी इंफ्लेमेशन पैदा करते हैं। नाइट्रोजन ऑक्साइड, सल्फर डाइऑक्साइड और ओजोन जैसी गैसों का भी शरीर पर अलग प्रभाव पड़ता है। ये सूजन और ऑक्सीजन की कमी जैसी समस्याएं पैदा कर सकती हैं। इन प्रदूषकों के संयुक्त प्रभाव से शरीर के कई अंग प्रभावित होते हैं।

डॉ. गुप्ता ने प्रदूषण से होने वाले करीब दस तरह के नुकसान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इससे दमा का अटैक पड़ सकता है और सीओपीडी की समस्या बढ़ सकती है। पहले से फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित मरीजों की परेशानी भी गंभीर हो सकती है। इसके अलावा हार्ट अटैक और स्ट्रोक की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि प्रदूषण का असर मानसिक स्वास्थ्य और दिमाग के कामकाज पर भी पड़ता है। इससे लगातार चिड़चिड़ापन, निराशा, अवसाद और एंग्जायटी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। दिमाग के कॉग्निटिव फंक्शन भी प्रभावित हो सकते हैं। इसके अलावा प्रदूषण कैंसर पैदा करने वाली प्रक्रिया को बढ़ावा दे सकता है, जिससे फेफड़ों के कैंसर के मामले बढ़ने की आशंका रहती है।

डॉ. गुप्ता ने छोटे बच्चों के फेफड़ों पर प्रदूषण के गंभीर प्रभाव को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बहुत छोटे बच्चों और नवजात शिशुओं के फेफड़ों को इससे कई गुना अधिक नुकसान पहुंच सकता है। गर्भवती महिलाओं के प्रदूषण के संपर्क में आने से गर्भ में पल रहे बच्चे के फेफड़ों पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। प्रदूषण के कारण दिल्ली में औसत उम्र लगभग 11 साल कम होने के आंकड़े सामने आते हैं। ऐसे में लोगों और प्रशासन, दोनों की जिम्मेदारी है कि इस समस्या से निपटने के लिए ठोस प्रयास किए जाएं।

प्रदूषण से बचाव और समाधान के सवाल पर डॉ. गुप्ता ने कहा कि प्रकृति को नुकसान पहुंचाने में सभी की भूमिका है, इसलिए इसे रोकना भी सामूहिक जिम्मेदारी है। लोगों को ऐसी गतिविधियों से बचना चाहिए, जिनसे प्रदूषण बढ़ता है। घरों के अंदर बायोमास ईंधन जलाने जैसी गतिविधियां नहीं करनी चाहिए। वाहनों की नियमित ट्यूनिंग करानी चाहिए, ताकि उनसे कम प्रदूषण निकले। निजी गाड़ियों का इस्तेमाल कम करके सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने सरकार से भी अपील की कि मेट्रो और बसों जैसी सार्वजनिक परिवहन सेवाओं की संख्या और सुविधा इतनी बेहतर हो कि लोगों को निजी वाहन निकालने की जरूरत न पड़े। उद्योगों को भी प्रदूषण नियंत्रण पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को यह समझना होगा कि अकेले उसके प्रयास से भले बड़ा फर्क न दिखे, लेकिन सभी की छोटी-छोटी लापरवाहियां मिलकर बड़ा नुकसान पहुंचाती हैं।

डॉ. गुप्ता ने कहा कि सबसे बेहतर उपाय प्रदूषण के संपर्क में आने से बचना है। यदि किसी जरूरी काम से बाहर निकलना पड़े तो मास्क का इस्तेमाल करना चाहिए। घर में एयर प्यूरीफायर चलाने और खिड़की-दरवाजे बंद रखने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि स्मॉग के दौरान बाहर निकलने से बचना चाहिए। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। बुजुर्गों को मॉर्निंग वॉक के लिए धूप निकलने के बाद जाने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि उस समय तक स्मॉग कुछ कम हो सकता है। प्रदूषण का स्तर अधिक होने पर बाहर निकलने से बचना बेहतर है। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग कुछ समय के लिए दिल्ली से बाहर जा सकते हैं, उन्हें प्रदूषण के संपर्क से बचने में मदद मिल सकती है।