रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में एक होटल के कमरे में नामी व्यापारी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। धामनोद स्थित होटल ‘प्रेम वाटिका’ के कमरे में चांदनी चौक के ‘महावीर ज्वेलर्स’ के संचालक रवि मोतिया मृत अवस्था में मिले। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उन्होंने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है।
जानकारी के मुताबिक, रवि मंगलवार शाम अपनी गाड़ी से घर से निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उनकी गाड़ी धामनोद स्थित ‘प्रेम वाटिका’ होटल के बाहर खड़ी मिली। परिजन होटल के कमरे में पहुंचे तो रवि का शव मिला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की जांच की। पुलिस को घटनास्थल से जहरीले पदार्थ के खाली पाउच के साथ हाथ से लिखा एक सुसाइड नोट भी मिला है, जो खराब हालत में बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस व्यापारी की मौत के कारणों की जांच कर रही है। आत्महत्या के पीछे क्या वजह रही, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। रवि मोतिया अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और दो मासूम बेटियों को छोड़ गए हैं। व्यापारी की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है।




