छतरपुर, शिवम सोनी। जिला अस्पताल में इलाज में कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के टोरिया मोहल्ला निवासी 34 वर्षीय शरमन कोरी की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवक को सीने में तेज दर्द की शिकायत होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन गंभीर हालत के बावजूद समय पर डॉक्टर उसे देखने नहीं पहुंचे।


परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, उन्होंने कई बार डॉक्टर को बुलाने की सूचना दी, लेकिन कोई चिकित्सक मौके पर नहीं पहुंचा। आरोप है कि डॉक्टर की अनुपस्थिति में नर्स द्वारा मरीज को दवा और इंजेक्शन दिया गया, जिसके बाद उसकी तबीयत और अधिक बिगड़ गई और कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।


घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। उनका कहना है कि यदि समय पर डॉक्टर मरीज का उपचार करते तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


फिलहाल शव का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले को लेकर अस्पताल प्रबंधन की ओर से आधिकारिक बयान सामने आना बाकी है। जांच के बाद ही मौत के कारणों और लगाए गए आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।