हटा/दमोह, जिमी नगरिया। दमोह जिले के मड़ियादो थाना क्षेत्र में डायल 112 वाहन से जुड़े सड़क हादसे का मामला सामने आया है। बाइक सवार पति-पत्नी ने आरोप लगाया है कि मड़ियादो थाने में तैनात डायल 112 वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ितों का यह भी आरोप है कि हादसे के बाद वाहन चालक मौके से चला गया और उन्हें सड़क पर घायल अवस्था में छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, हादसा मड़ियादो थाना क्षेत्र के कलकुआ मार्ग पर बड़े धवा के पास हुआ। घोघरा गांव निवासी विशाल आदिवासी अपनी पत्नी सुभद्राबाई आदिवासी के साथ मड़ियादो बाजार जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए डायल 112 वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद राहगीरों ने दोनों की मदद की और सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची, जिसने घायलों को उपचार के लिए हटा सिविल अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मड़ियादो थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।




