छतरपुर, संतोष शिवहरे। जिले के बमीठा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बराखेरा की रहने वाली 20 वर्षीय विवाहिता ने गांव के ही तीन लोगों पर घर में घुसकर प्रताडि़त करने, मारपीट, छेडख़ानी और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीडि़ता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत पत्र सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


पीडि़ता ने शिकायत में बताया कि ग्राम पारा निवासी सिम्मू साहू, गोलू साहू और भावचंद साहू लंबे समय से उसे और उसकी सास को परेशान कर रहे हैं। आरोप है कि आरोपी जबरन घर में घुसकर गाली-गलौज करते हैं, अभद्र व्यवहार करते हैं तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हैं। पीडि़ता का यह भी कहना है कि आरोपियों द्वारा उसके साथ छेडख़ानी कर बुरी नीयत से रोक-टोक की जाती है।


शिकायत के अनुसार आरोपी स्वयं को रसूखदार बताते हुए यह दावा करते हैं कि उन्होंने पुलिस को खरीद रखा है और उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। पीडि़ता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसका अपहरण कर अंग-भंग कर नाली में फिंकवा देने जैसी धमकियां भी दी हैं। उनका कहना है कि बमीठा थाना पुलिस से शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जिससे आरोपियों के हौसले और बढ़ गए हैं।


पीडि़ता ने बताया कि 19 जुलाई 2026 को हुई घटना की गाली-गलौज और धमकियों की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उसके पास मौजूद है, जिसे वह साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत करने को तैयार है। इसके बावजूद पुलिस द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं किए जाने से वह और उसका परिवार भय के साये में जीने को मजबूर हैं।


पीडि़ता ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उसने आशंका जताई है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो उसके या उसके पति के साथ कोई गंभीर अप्रिय घटना हो सकती है। फिलहाल पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने शिकायत प्राप्त कर नियमानुसार जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।