दतिया। दतिया में विधानसभा उपचुनाव के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की मंगलवार को स्क्रूटनी पूरी हो गई। कुल 28 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था। जांच के बाद 4 नामांकन निरस्त कर दिए गए। अब चुनाव मैदान में 24 उम्मीदवार बचे हैं। अंतिम तस्वीर 16 जुलाई को नाम वापसी की समय-सीमा खत्म होने के बाद साफ होगी।
स्क्रूटनी के दौरान मिलीं तकनीकी कमियां
स्क्रूटनी के दौरान कई उम्मीदवारों के नामांकन में तकनीकी और दस्तावेज संबंधी कमियां मिलीं। इन्हीं वजहों से तीन उम्मीदवारों के नामांकन निरस्त कर दिए गए।
इन चार प्रत्याशियों का नामांकन रद्द हुआ
लोक जनशक्ति पार्टी के उम्मीदवार रामसिंह बघेल के नामांकन में प्रस्तावकों के हस्ताक्षर नहीं थे। निर्दलीय उम्मीदवार प्रेमनारायण कुशवाह ने नामांकन के साथ शपथ पत्र (एफिडेविट) जमा नहीं किया था। वहीं, नेशनल पीपुल्स पार्टी के एस. डेनियल का नामांकन तकनीकी खामी के कारण निरस्त कर दिया गया। प्रशासन ने सभी उम्मीदवारों को कमियां दूर करने का मौका दिया, लेकिन तय समय तक जरूरी दस्तावेज जमा नहीं किए गए। इसके बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने उनके नामांकन निरस्त कर दिए।
डमी उम्मीदवार का नामांकन स्वतः निरस्त
कांग्रेस ने चुनाव के लिए डमी उम्मीदवार भी उतारा था। मुख्य उम्मीदवार घनश्याम सिंह का नामांकन सही पाए जाने के बाद नियम के अनुसार डमी उम्मीदवार स्वामी शरण कुशवाह का नामांकन स्वतः निरस्त हो गया।


