दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए सोमवार यानी आज नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन है, जो दोनों ही प्रमुख राजनैतिक दलों के लिए एक अभूतपूर्व शक्ति प्रदर्शन का बड़ा मंच बनने जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस, दोनों ने ही अपने-अपने प्रत्याशियों के नामांकन को पूरी तरह से प्रतिष्ठा का विषय बना लिया है।
यही कारण है कि आज दोनों ही दलों के मध्य प्रदेश के शीर्ष नेता एक ही दिन दतिया की धरती पर मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री डॉ। मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, और पूर्व गृह मंत्री डॉ। नरोत्तम मिश्रा जहां भाजपा की ओर से हुंकार भरेंगे; वहीं दूसरी तरफ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार कांग्रेस की ताकत का अहसास कराएंगे। दिग्गजों के इस महा-जमावड़े से दतिया का यह उपचुनाव पूरी तरह से हाई-प्रोफाइल हो चुका है।
मुख्यमंत्री की मौजूदगी में पर्चा भरेंगे आशुतोष तिवारी
भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी आशुतोष तिवारी सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। उनके समर्थन में सरकार और संगठन की पूरी ताकत दतिया के चुनावी मैदान में उतरेगी। नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ। मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत कई वरिष्ठ नेता विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
टिकट परिवर्तन के बाद उपजे असंतोष के बीच, पूर्व गृह मंत्री डॉ। नरोत्तम मिश्रा भी इस पूरे कार्यक्रम में शामिल होंगे। शीर्ष नेतृत्व और डॉ। मिश्रा की एक साथ यह मौजूदगी दतिया में संगठन की एकजुटता का बड़ा संदेश देने का प्रयास माना जा रहा है। इसी बीच भाजपा ने दतिया उपचुनाव के लिए अपने स्टार प्रचारकों की आधिकारिक सूची भी जारी कर दी है। इस सूची में मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों और संगठन के बड़े चेहरों को शामिल किया गया है, जिसमें पूर्व गृहमंत्री डॉ। नरोत्तम मिश्रा का नाम भी प्रमुखता से दर्ज है। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक अन्य सूची में नरोत्तम मिश्रा का नाम गायब दिखाए जाने को लेकर भी राजनैतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
दिग्विजय और जीतू पटवारी की होगी विशाल आमसभा
दूसरी तरफ, कांग्रेस खेमा भी दतिया में अपनी संयुक्त लीडरशिप के जरिए कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह फूंकने की पूरी तैयारी कर चुका है। कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह सुबह 11 बजे अपने वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे से रिंग रोड स्थित भैरव मंदिर के पास कांग्रेस की एक विशाल आमसभा आयोजित की जाएगी। इस सभा को मुख्य रूप से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार संबोधित करेंगे। आमसभा की समाप्ति के बाद भैरव मंदिर से लेकर ऐतिहासिक किला चौक तक कांग्रेस का एक भव्य रोड शो (जुलूस) भी निकाला जाएगा, जिसमें भारी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने का दावा किया गया है।
औपचारिक प्रक्रिया नहीं, सियासी ताकत दिखाने का अवसर बना नामांकन
राजनैतिक विश्लेषकों का मानना है कि दोनों ही दलों ने आज नामांकन की इस विधिक प्रक्रिया को महज एक औपचारिकता तक सीमित नहीं रखा है, बल्कि इसे आगामी 30 जुलाई को होने वाले मतदान से पहले जनता के बीच अपनी-अपनी चुनावी ताकत और जनाधार दिखाने के सबसे बड़े अवसर में बदल दिया है। जहाँ भाजपा अपनी सत्ता, सरकार और पूरे संगठन की सामूहिक शक्ति के साथ मैदान में उतरकर विरोधियों को पस्त करने की रणनीति पर काम कर रही है, वहीं कांग्रेस अपनी पूरी टॉप लीडरशिप को एक साथ मंच पर उतारकर कार्यकर्ताओं को यह संदेश देना चाहती है कि वह दतिया का यह किला हर हाल में फतह करने के लिए एकजुट है।




