नई दिल्ली, 10 अप्रैल । टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने शुक्रवार को एयर इंडिया के कर्मचारियों से कहा कि एयरलाइन एक मुश्किल दौर से गुजर रही है और सभी कर्मचारियों को एग्जीक्यूशन और लागत अनुशासन पर फोकस करना चाहिए।चंद्रशेखरन ने कहा,"हमारा भविष्य उज्ज्वल है, जो कि एक मजबूत आधार पर बना है। फिलहाल हम एक चुनौतीपूर्ण समय से गुजर रहे हैं। जहां हमारा फौकस एग्जीक्यूशन पर होना चाहिए।"

उन्होंने आगे कहा, "हमारा ध्यान उन चीजों पर होना चाहिए जो हमारे नियंत्रण में हैं, जहां हम सुधार कर सकते हैं, लागतों के मामले में सटीक रहें और स्थिति की वास्तविकता से अवगत रहें।"

चंद्रशेखरन ने कहा कि एयर इंडिया के लिए सुरक्षा सर्वोच्च महत्वपूर्ण और गैर-समझौता योग्य है, जो परिचालन, इंजीनियरिंग, प्रशिक्षण और ग्राहक अनुभव से संबंधित सभी निर्णयों का केंद्रबिंदु है।

उन्होंने कहा, "मिलकर काम करें, ग्राहक को ध्यान में रखें। यह यात्रा अभी शुरू हुई है और हमें अभी लंबा सफर तय करना है। लगे रहिए, हम मंजिल तक पहुंचेंगे।"

चंद्रशेखरन की ये टिप्पणियां एयरलाइन में नेतृत्व और परिचालन संबंधी बदलावों के बीच आई हैं, क्योंकि मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैंपबेल विल्सन ने 2026 में पद छोड़ने की घोषणा की है। टाटा के स्वामित्व वाली एयरलाइन ने बताया कि कैंपबेल अपने उत्तराधिकारी की नियुक्ति तक इस पद पर बने रहेंगे।

जून 2025 में अहमदाबाद के पास बोइंग 787 विमान दुर्घटना में 260 लोगों की मौत के बाद से एयर इंडिया पर कड़ी नियामक जांच शुरू हो गई थी।

बाद की रिपोर्टों में कहा गया कि एयर इंडिया को सुरक्षा संबंधी चूकों के लिए फटकार लगाई गई, जिनमें वैध उड़ान योग्यता प्रमाण पत्र के बिना और आपातकालीन उपकरणों की उचित जांच के बिना कई बार विमान उड़ाना शामिल था।

अमेरिका-ईरान युद्ध के दौरान, एयर इंडिया ने तीन सप्ताह में पश्चिम एशिया के लिए लगभग 2,500 उड़ानें रद्द कर दीं और मध्य पूर्व के अपने सामान्य शेड्यूल का केवल 30 प्रतिशत ही संचालित किया।

इसके अतिरिक्त, पायलट संगठन एयरलाइंस पायलट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एएलपीए) ने मार्च में नागरिक उड्डयन महानिदेशालय से एयर इंडिया के भीतर निर्णय लेने की प्रक्रियाओं, विशेष रूप से संचालन उपाध्यक्ष और क्रू शेड्यूलिंग विभाग की भूमिकाओं की गहन जांच शुरू करने का आग्रह किया।