भोपाल। रिटायर्ड जज की बहू और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के आदेश पर रविवार को भोपाल AIIMS में दिल्ली AIIMS की विशेषज्ञ टीम ने ट्विशा का दोबारा पोस्टमार्टम शुरू किया। इसी बीच ट्विशा के अंतिम संस्कार को लेकर ससुराल और मायके पक्ष के बीच विवाद खड़ा हो गया है।


ट्विशा की भाभी डॉ. राशि ओबेरॉय शर्मा ने कहा कि अंतिम संस्कार को लेकर अंतिम फैसला ट्विशा के पिता और भाई करेंगे। वहीं पति समर्थ सिंह पहले ही दावा कर चुके हैं कि पत्नी का अंतिम संस्कार करना उनका नैतिक और वैवाहिक अधिकार है। इस मुद्दे को लेकर कोर्ट में भी अपील की गई थी, लेकिन उसे स्वीकार नहीं किया गया।


भोपाल AIIMS की मॉर्च्यूरी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा पोस्टमार्टम प्रक्रिया के दौरान मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि उन्हें AIIMS की टीम पर पूरा भरोसा है और अब मामले में निष्पक्ष जांच की उम्मीद है। साथ ही उन्होंने मामले की CBI जांच जल्द शुरू करने की मांग भी दोहराई।


ट्विशा के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि परिवार पारदर्शी जांच चाहता था और अब उन्हें न्याय की उम्मीद दिखाई दे रही है। परिवार ने संकेत दिए हैं कि अंतिम संस्कार भोपाल के भदभदा श्मशान घाट में किया जा सकता है।


इधर आरोपी पति समर्थ सिंह फिलहाल सात दिन की पुलिस रिमांड पर है। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि शादी के बाद दोनों के रिश्ते सामान्य थे, लेकिन प्रेग्नेंसी की पुष्टि के बाद ट्विशा के व्यवहार में बदलाव आने लगा था। उसने दावा किया कि ट्विशा ग्लैमर वर्ल्ड में लौटना चाहती थी और घरेलू जीवन से परेशान थी। हालांकि पुलिस उसके बयानों को भ्रामक मानते हुए घटना वाले दिन के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।


गौरतलब है कि 12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स स्थित घर में ट्विशा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, जबकि मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने भी स्वत: संज्ञान लिया है और सोमवार को इस पर सुनवाई होगी। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मामले की CBI जांच कराने पर सहमति दे दी है।