मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। शक्कर की बढ़ती कीमतों, भारी-भरकम बिजली बिल और महंगाई के अन्य मुद्दों को लेकर गुरुवार को मंदसौर में कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शहर के गांधी चौराहे पर एकत्रित हुए और हाथों में तख्तियां लेकर पैदल मार्च करते हुए सरदार पटेल चौराहे पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए बढ़ती महंगाई पर जल्द अंकुश लगाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान ज्ञापन लेने के लिए तहसीलदार के मौके पर नहीं पहुंचने से कांग्रेस कार्यकर्ता नाराज हो गए। इसके बाद उन्होंने सरदार पटेल की प्रतिमा को ही ज्ञापन सौंपकर अपना विरोध दर्ज कराया।
मंदसौर से कांग्रेस विधायक विपिन जैन ने कहा कि वर्तमान में शक्कर के दामों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। वहीं भारी-भरकम बिजली बिलों से भी आमजन परेशान है। उन्होंने गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और पेट्रोल में इथेनॉल के मुद्दे को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।
विधायक ने कहा कि बढ़ती महंगाई का सबसे ज्यादा असर मजदूर, मध्यम वर्ग और आम लोगों पर पड़ रहा है। सरकार को आमजन पर बढ़ते आर्थिक बोझ को कम करने के लिए जल्द ठोस और प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।




