भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच कांग्रेस खेमे से बड़ी खबर सामने आ रही है। सूत्रों के मुताबिक, विधायकों में किसी भी तरह की टूट या क्रॉस वोटिंग को रोकने के लिए कांग्रेस अपने विधायकों को दूसरे राज्य में शिफ्ट करने (बाड़ेबंदी) की तैयारी में जुट गई है। इसी रणनीति के तहत कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी अचानक दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।

बताया जा रहा है कि दिल्ली से आरिफ मसूद को सीधे तेलंगाना भेजा जा सकता है, जहां कांग्रेस की सरकार है। विधायकों के रुकने और उनके पूरे मैनेजमेंट की अग्रिम व्यवस्थाएं संभालने के लिए मसूद को पहले ही जिम्मेदारी देकर भेजा जा रहा है। राज्यसभा सीट पर मचे घमासान के बीच कांग्रेस अपने कुनबे को पूरी तरह सुरक्षित रखने के लिए हर संभव कदम उठा रही है।