अजयगढ़, मो. मुस्तकीम। पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम लोढ़ा पुरवा में एक बेहद हृदयविदारक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक तरफ घर में बेटी के कॉलेज टॉप करने की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं दूसरी तरफ ब्लैकमेलिंग के काले साए ने एक होनहार छात्रा की जिंदगी हमेशा के लिए छीन ली। बीएससी (BSc) फाइनल ईयर की परीक्षा में पूरे कॉलेज में अव्वल आने वाली 22 वर्षीय एक होनहार छात्रा ने टॉप करने के अगले ही दिन ब्लैकमेलिंग से तंग आकर जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश और शोक की लहर है।


इस दुखद घटना को लेकर परिजनों ने बेहद गंभीर और संगीन आरोप लगाए हैं। पीड़ित परिवार के अनुसार, ग्राम भीना का रहने वाला बरखू ठाकुर नाम का युवक मृतका को पिछले लंबे समय से प्रताड़ित कर रहा था। आरोपी युवक छात्रा का कोई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और उसे समाज में बदनाम करने की लगातार धमकी दे रहा था, जिससे वह गहरे मानसिक तनाव में थी। शुक्रवार की शाम को जब छात्रा को अचानक तेज उल्टियां होनी शुरू हुईं, तब परिजनों को उसके द्वारा सल्फास (जहरीला पदार्थ) खाए जाने का पता चला। आनन-फानन में परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे रीवा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था, शनिवार 6 जून 2026 को रीवा ले जाते समय रास्ते में ही इस होनहार छात्रा ने दम तोड़ दिया।


शनिवार दोपहर जिला अस्पताल में मृतिका के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान अस्पताल परिसर में रोते-बिलखते पीड़ित पिता दिनेश मिश्रा ने अपनी बेबसी और भारी आक्रोश व्यक्त करते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई। पिता ने भर्राए गले से कहा कि मेरी लाडली बेटी तो अब इस दुनिया से चली गई, लेकिन उस दरिंदे को उसके किए की सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए, आरोपी को फांसी के फंदे पर लटकाया जाए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अजयगढ़ थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयानों और सुसाइड नोट व मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर मामले की सघन जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।