मुंबई, 6 मई । कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक खास मौका सामने आया है। दरअसल, सीआईएल ने अलग-अलग विभागों में मैनेजमेंट ट्रेनी (एमटी) ई-1 ग्रेड के कुल 660 पदों पर बंपर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। कोल इंडिया ने जिन विभागों में मैनेजमेंट ट्रेनी के 660 पदों पर भर्ती के लिए रिक्तियां जारी की है, उनमें सिविल से 178, इलेक्ट्रिकल से 221, मैकेनिकल से 145, सिस्टम से 43, इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार (ईएंडटी) से 38, भूविज्ञान (जियोलॉजी) से 15, औद्योगिक अभियांत्रिकी (इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग) से 11, राजभाषा (हिंदी) से 5 और कंपनी सचिव से 4 पद शामिल हैं।
इन रिक्त पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 12 मई के सुबह 10.00 बजे से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 11 जून तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर लिंक सक्रिय होने के बाद से तय लास्ट डेट के शाम 06.00 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ ग्रेजुएशन, इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन की डिग्री, कंप्यूटर विज्ञान/कंप्यूटर इंजीनियरिंग/सूचना प्रौद्योगिकी में बीई/बीटेक/बीएससी (इंजीनियरिंग) में प्रथम श्रेणी की डिग्री या एमसीए के साथ कोई भी प्रथम श्रेणी की डिग्री, बीई/बीटेक/बीएससी (इंजीनियरिंग) की डिग्री, भूविज्ञान या अनुप्रयुक्त भूविज्ञान या भूभौतिकी या अनुप्रयुक्त भूभौतिकी में एमएससी/एमटेक, हिंदी में मास्टर की डिग्री और हिंदी व अंग्रेजी को मुख्य विषयों के रूप में लेकर ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता व कौशल का होना भी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 30 अप्रैल के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य उम्मीदवारों का कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन परीक्षा (सीबीटी), डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, मेरिट सूची, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 60,000 से 1,80,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य (यूआर)/ओबीसी (क्रीमी लेयर और नॉन-क्रीमी लेयर)/ईडब्ल्यूएस के लिए 1,180 रुपए तय किया गया है। वहीं, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/कोल इंडिया लिमिटेड और उसकी सहायक कंपनियों के कर्मचारी को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र की एक कॉपी का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकालकर रख लें।

