बटियागढ़, राजेंद्र तिवारी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. राकेश अठया ने बटियागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी, प्रसव कक्ष तथा मातृत्व वार्ड का अवलोकन किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।


सीएमएचओ ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से चर्चा कर उपचार, दवाओं की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति का भी निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।


डॉ. अठया ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि मरीजों एवं उनके परिजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान महिला वार्ड में कुछ पुरुषों का अनाधिकृत प्रवेश पाया गया, जिस पर उन्होंने संबंधित स्टाफ को कड़ी हिदायत देते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के निर्देश दिए।


इस अवसर पर अस्पताल का चिकित्सकीय एवं नर्सिंग स्टाफ भी मौजूद रहा। सीएमएचओ ने सभी कर्मचारियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील एवं जिम्मेदार व्यवहार अपनाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।