बीना। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बीना के इटावा मुक्तिधाम में नगर पालिका परिषद के नेतृत्व में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को समर्पित विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों तथा नगर पालिका कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मुक्तिधाम परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने मिलकर साफ-सफाई की और परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में योगदान दिया। इस अवसर पर विधायक निर्मला सप्रे, नगर पालिका अध्यक्ष लता सकवार, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया, एसडीएम रविश श्रीवास्तव, मुख्य नगर पालिका अधिकारी राहुल कौरव सहित बड़ी संख्या में पार्षद एवं नगर पालिका कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वच्छता की शपथ लेते हुए नागरिकों से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की। इसके साथ ही मुक्तिधाम परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता का सकारात्मक संदेश दिया।


