छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। हर्रई क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टर के इलाज के बाद एक महिला की मौत का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने अभियान चलाकर क्षेत्र में संचालित आधा दर्जन से अधिक अवैध क्लीनिकों का निरीक्षण किया और बिना वैध डिग्री एवं पंजीकरण के इलाज कर रहे झोलाछाप डॉक्टरों के क्लीनिकों को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान कई संचालक आवश्यक दस्तावेज और वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सके।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिकों में उपलब्ध चिकित्सकीय अभिलेखों और पंजीकरण संबंधी दस्तावेजों की जांच की। जांच में अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित क्लीनिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण और योग्यता के चिकित्सा सेवाएं देना कानून का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
महिला की मौत के बाद शुरू हुई इस कार्रवाई से हर्रई क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टरों के बीच हड़कंप मच गया है। कई अवैध क्लीनिक संचालकों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए, जबकि अन्य संचालकों में भी कार्रवाई का भय देखा गया। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि इलाज केवल पंजीकृत और योग्य चिकित्सकों से ही कराएं तथा किसी भी संदिग्ध क्लीनिक की जानकारी विभाग को दें।




