वेनिस। 'इटालिया टी10 लीग' में वेस्टइंडीज के दिग्गज खिलाड़ी और पूर्व क्रिकेटर क्रिस गेल 'वेनिस लाइववायर्स' टीम से जुड़ गए हैं। 'यूनिवर्स बॉस' के नाम से मशहूर गेल, लीग के पहले संस्करण के लिए इस फ्रेंचाइजी से जुड़ने को लेकर काफी उत्साहित हैं।

उन्होंने कहा, "मैं इटालिया टी10 लीग में 'वेनिस लाइववायर्स' का हिस्सा बनने के लिए उत्साहित हूं। क्रिकेट के नए मौकों से जुड़ना और दुनिया भर के फैंस से मिलना हमेशा शानदार होता है। टी10 क्रिकेट रोमांचक, तेज और मनोरंजन से भरपूर है। मैं 'वेनिस लाइववायर्स' के साथ इस सफर का हिस्सा बनने के लिए उत्सुक हूं। आइए, इटली में कुछ मनोरंजन और भरपूर ऊर्जा लाते हैं।"

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और पूर्व मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद इस फ्रेंचाइजी के टीम डायरेक्टर हैं। वे गेल के टीम से जुड़ने पर काफी खुश हैं। प्रसाद ने कहा, "क्रिस गेल का आना 'वेनिस लाइववायर्स' के लिए एक बहुत बड़ा प्रोत्साहन है। उच्चतम स्तर पर खेलने और दुनिया की सबसे बड़ी फ्रेंचाइजी लीगों में खेलने का उनका अनुभव हमारी टीम के लिए बेहद मूल्यवान है। अपनी तूफानी बल्लेबाजी के अलावा, उन्हें दबाव वाली स्थितियों की अच्छी समझ है और वे अपने साथियों को प्रेरित करने की क्षमता भी रखते हैं। उनकी मौजूदगी हमारे क्रिकेट माहौल को और मजबूत बनाएगी। हम इतने बड़े कद के खिलाड़ी का अपनी फ्रेंचाइजी में स्वागत करते हुए बहुत खुश हैं।"

'वेनिस लाइववायर्स' के चेयरमैन मोहित ने कहा, "क्रिस गेल को टीम में लाना 'वेनिस लाइववायर्स' के लिए गर्व का पल है। क्रिस क्रिकेट की दुनिया के एक ग्लोबल आइकन हैं, जिनका खेल में योगदान केवल आंकड़ों और रिकॉर्ड्स तक सीमित नहीं है। उनका व्यक्तित्व, अनुभव और लाखों लोगों का मनोरंजन करने की उनकी क्षमता उन्हें हमारी फ्रेंचाइजी के लिए एक बेहतरीन खिलाड़ी बनाती है।"

चेयरमैन ने आगे बताया कि फ्रेंचाइजी एक ऐसी टीम बनाने की दिशा में काम कर रही है जिसकी अपनी एक अलग पहचान हो और जो जीतने की मानसिकता के साथ खेले। मोहित ने कहा, "हम एक ऐसी टीम तैयार कर रहे हैं जिसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक मजबूत पहचान हो और जिसमें जीतने का जज्बा हो। क्रिस का हमारे साथ जुड़ना इस बात को दर्शाता है कि हम 'वेनिस लाइववायर्स' को इटालिया टी10 लीग में एक बड़ी ताकत बनाना चाहते हैं।"

साल 2021 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बावजूद गेल ने क्रिकेट खेलना जारी रखा है। हाल ही में उन्हें 'वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2026' में खेलते देखा गया, जहां उनकी टीम ने फाइनल में इंग्लैंड को हराकर टूर्नामेंट जीता था। क्रिस गेल ने वेस्टइंडीज के लिए 103 टेस्ट, 301 वनडे और 79 टी20 मैच खेले हैं। अपने करियर में 142 आईपीएल मैच चुके गेल इस लीग में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर (175 नाबाद) बनाने वाले खिलाड़ी हैं।