छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। शहर में गुरुवार को छात्रों का आक्रोश सड़कों पर देखने को मिला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के बैनर तले सैकड़ों कॉलेज छात्र अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सड़क पर उतरे। छात्रों ने मानसरोवर कॉम्प्लेक्स से आक्रोश रैली निकाली, जो नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची।


रैली में छात्रों ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की। ABVP कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कॉलेजों में शैक्षणिक गुणवत्ता लगातार प्रभावित हो रही है और छात्रों को मूलभूत सुविधाएं भी पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।


छात्रों ने परीक्षा केंद्रों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने, बस किराए में छात्रों को छूट नहीं मिलने और निजी स्कूलों द्वारा मनमानी फीस वसूले जाने का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि निजी स्कूलों की बढ़ती फीस का सीधा असर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है।


कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद ABVP कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा। वहीं, प्रशासन की ओर से छात्रों को उनकी मांगों पर विचार कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।