छतरपुर, संदीप यादव। शहर के चर्चित एमसीएक्स (MCX) ऑनलाइन सट्टा बाजार के दलदल में फंसकर व्यापारी राजेश अग्रवाल द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने अब फरार आरोपियों के खिलाफ शिकंजा कसना बेहद तेज कर दिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए छतरपुर पुलिस ने शहर के सभी प्रमुख और व्यस्ततम चौराहों पर फरार सटोरियों और सूदखोरों के पोस्टर चस्पा कर दिए हैं।
पुलिस टीम ने आज मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य बस स्टैंड इलाका, चौबे तिराहा और छत्रसाल चौक सहित शहर के कई संवेदनशील और सार्वजनिक स्थानों पर इन फरार आरोपियों के हुलिए वाले पोस्टर लगाए हैं। इन पोस्टरों में मुख्य आरोपी शरद अग्रवाल, सुरेश नगरिया, कल्लू कलई और मोनू उर्फ दीपक अग्रवाल के नाम और फोटो शामिल हैं। पुलिस ने पोस्टर जारी करते हुए आम जनता से भी अपील की है कि इन आरोपियों के संबंध में कोई भी सुराग मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस के आला अधिकारियों को सूचित करें। इस कार्रवाई के बाद से फरार चल रहे सट्टा माफियाओं के करीबियों और सहयोगियों में हड़कंप मचा हुआ है।

