छतरपुर, संजय अवस्थी/संदीप यादव। जिले में महिलाओं को लगातार अपना निशाना बनाने वाले और चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को पुलिस ने गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पिछले कुछ महीनों से सिविल लाइन, मातगुवां और महाराजपुर थाना क्षेत्रों में लगातार चेन स्नेचिंग की घटनाएं सामने आ रही थीं.
पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जाल बिछाया और मुख्य आरोपी निक्कू सिसोदिया उर्फ निक्की उर्फ अमन (निवासी ग्राम कंचनपुर, थाना चंदला) को दबोच लिया. आरोपी बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देता था और लोगों से गाड़ियां उधार लेकर या चोरी कर अपराध करता था ताकि पुलिस की पकड़ से बच सके.
बरामदगी और आपराधिक इतिहास पुलिस ने आरोपी के पास से लूटी गई सोने की चेन, 11 पेंडल और पल्सर 220 मोटरसाइकिल समेत करीब 5 लाख रुपए की संपत्ति बरामद की है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी निक्कू सिसोदिया पर चोरी, धोखाधड़ी, अवैध हथियार और एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से ही 17 गंभीर अपराध दर्ज हैं तथा वह दूसरे राज्यों में भी वांछित है. इस खुलासे में सिविल लाइन, मातगुवां, महाराजपुर, नौगांव और साइबर सेल की संयुक्त टीमों की सराहनीय भूमिका रही है.














