भिंड, अक्षय जोशी । जिला अस्पताल भिंड के एसएनसीयू वार्ड में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। वार्ड की छत पर लगी सीलिंग अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे वहां मौजूद तीन महिलाएं और एक नवजात शिशु घायल हो गए। घटना के समय महिलाएं अपने भर्ती नवजात बच्चों को स्तनपान करा रही थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक तेज आवाज के साथ छत की सीलिंग नीचे आ गिरी, जिससे वार्ड में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में घायल महिलाओं को तत्काल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जबकि घायल नवजात शिशु का उपचार एसएनसीयू वार्ड में डॉक्टरों की निगरानी में किया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही सिविल सर्जन डॉ. आर.एन. राजौरिया मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद एसडीएम अखिलेश शर्मा, सीएसपी निरंजन राजपूत, शहर कोतवाली थाना प्रभारी मुकेश शाक्य एवं देहात थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह भी अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी लेते हुए जांच के निर्देश दिए।
सिविल सर्जन डॉ. राजौरिया ने बताया कि अस्पताल की बिल्डिंग पुरानी होने के कारण सीलिंग गिरने की घटना हुई है। उन्होंने कहा कि हादसे में महिलाओं को मामूली चोटें आई हैं और सभी का उपचार जारी है। उन्होंने बताया कि ईश्वर की कृपा से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ तथा महिलाएं और नवजात शिशु सुरक्षित हैं।

