मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। शहर के कालाखेत मैदान में वर्षों से जमे अवैध अतिक्रमणों पर सोमवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। कार्रवाई के दौरान साठिया समुदाय द्वारा किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, वहीं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से जारी रही।
नगर पालिका, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम सुबह से ही मौके पर पहुंच गई थी। जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध निर्माणों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। अधिकारियों ने बताया कि लंबे समय से इस भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद कार्रवाई की योजना बनाई गई।
बताया जा रहा है कि रविवार शाम पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा था और अतिक्रमणकारियों को अंतिम अल्टीमेटम दिया गया था। इसके बावजूद कब्जे नहीं हटाए जाने पर सोमवार को सख्त कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस जवान तैनात किए गए थे। प्रशासन का कहना है कि शहर में सार्वजनिक भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

