छत्तीसगढ़/धरमजयगढ़, रोहित तिर्की। वार्ड क्रमांक 10 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की जर्जर हालत बच्चों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। भवन की छत क्षतिग्रस्त होने के कारण बारिश के दौरान पानी टपकता है। वहीं, केंद्र में लगे पंखे भी लंबे समय से बंद पड़े हैं, जिससे बच्चों को गर्मी और बारिश दोनों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जर्जर भवन की स्थिति को देखते हुए फिलहाल आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन प्राथमिक शाला के एक कक्ष में किया जा रहा है। इससे बच्चों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को असुविधा हो रही है। मामले की जानकारी मिलने पर वार्ड पार्षद हफीजुल्ला खान ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारी से चर्चा की।
अधिकारी की ओर से बताया गया कि भवन की मरम्मत के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है। हालांकि, प्रस्ताव भेजे जाने के बावजूद अब तक मरम्मत कार्य धरातल पर शुरू नहीं हुआ है। इसे लेकर वार्डवासियों में नाराजगी देखी जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आंगनबाड़ी भवन की मरम्मत के प्रस्ताव पर जल्द कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि छत की मरम्मत के साथ बंद पड़े पंखों और भवन की अन्य व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त किया जाए, ताकि नौनिहालों को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल मिल सके।




