जबलपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिहोरा जिला कोर्ट के पीछे संचालित एक अवैध पानी पाउच फैक्ट्री पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पानी के पाउच जब्त किए गए, साथ ही पाउच में पानी भरने वाली मशीन को भी सील कर दिया गया। विभाग ने फैक्ट्री संचालक मयंक त्रिपाठी के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक स्थानीय लोगों की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र दुबे को सूचना मिली थी कि सिविल कोर्ट के पास दो मंजिला मकान में अवैध तरीके से पानी पाउच तैयार किए जा रहे हैं। जांच में सामने आया कि दो माह पहले भी गंदगी और भारतीय खाद्य संरक्षण मानक प्राधिकरण की गाइडलाइन का पालन नहीं होने पर फैक्ट्री को बंद कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद चोरी-छिपे संचालन जारी था।
खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर देखा कि मकान की ऊपरी मंजिल पर आरओ मशीन लगी हुई थी, जबकि नीचे खुले आंगन में पानी के पाउच पैक किए जा रहे थे। परिसर में गंदगी फैली हुई थी और स्वच्छता के मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। अधिकारियों के अनुसार खुले वातावरण में इस तरह पानी पाउच तैयार कर बाजार में बेचना लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी रीवा से प्लास्टिक रोल खरीदकर लाता था और पिछले करीब एक साल से फैक्ट्री संचालित कर रहा था। विभाग का कहना है कि रजिस्ट्रेशन निरस्त होने के बाद आरोपी रात के समय या छुट्टी वाले दिनों में फैक्ट्री खोलकर पानी पाउच तैयार करता था।कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय गुप्ता समेत पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौजूद रही।

