भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा कैबिनेट स्तर पर मंजूरी दिए जाने के बाद विधायक रामेश्वर शर्मा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को बधाई देते हुए इसे ऐतिहासिक निर्णय बताया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के विजन को आगे बढ़ाने वाला है तथा प्रदेश में समान नागरिक व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


रामेश्वर शर्मा ने कहा कि यूसीसी लागू होने से सभी नागरिकों के लिए समान वैवाहिक व्यवस्था सुनिश्चित होगी और एक से अधिक विवाह पर रोक संबंधी प्रावधान लागू करने की दिशा में भी यह महत्वपूर्ण पहल है। उनके अनुसार इस व्यवस्था से जनसंख्या संतुलन बनाए रखने, संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों को अधिक प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।


विधायक ने अपने बयान में कहा कि यह निर्णय प्रदेश और देशहित में ऐतिहासिक साबित होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राज्य सरकार को इस फैसले के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।