छतरपुर/नौगांव, कमल यादव। सनराइज हाई सेकेंडरी स्कूल नौगांव में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों और बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नौगांव पुलिस द्वारा नशा मुक्ति एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के साथ सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की समझाइश दी।


कार्यक्रम के दौरान एसडीओपी अमित मेश्राम, थाना प्रभारी संजय राय, लुगासी चौकी प्रभारी प्रमोद रोहित एवं उप निरीक्षक मोहिनी शर्मा ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि युवा नशे से दूरी बनाकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों पर ध्यान दें तथा दूसरों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करें।


पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को लेकर भी विद्यार्थियों को सतर्क किया। उन्होंने ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए बताया कि अज्ञात व्यक्ति के फोन कॉल या संदेश पर भरोसा न करें। किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और बैंक खाते, पासवर्ड या ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।


विद्यार्थियों को बताया गया कि साइबर ठगी या किसी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। साइबर ठगी का शिकार होने की स्थिति में राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।


इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर महेंद्र कुमार राजपूत, प्राचार्य ओ.पी. तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार कमल यादव, मैनेजमेंट डायरेक्टर अभय राजपूत, हर्ष खरे सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन नीरज क्रोशिया ने किया।