पन्ना/शाहनगर, प्रकाश तिवारी। पूर्व एनसीसी अधिकारी एवं वरिष्ठ शिक्षक आनंद लाल तिवारी के सेवानिवृत्त होने पर शुक्रवार शाम शाहनगर स्थित संदीपनी विद्यालय में सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया। वर्तमान में शासकीय हाई स्कूल सुडोर में सेवाएं दे रहे तिवारी ने अपने लंबे सेवाकाल में शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देते हुए अनेक विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
समारोह में नगर के वरिष्ठ शिक्षक, समाजसेवी, महिला शिक्षिकाएं, विद्यालय स्टाफ, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश मिश्रा ने किया। वक्ताओं ने आनंद लाल तिवारी की अनुशासित कार्यशैली, कर्तव्यनिष्ठा और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण की सराहना की। साथ ही एनसीसी अधिकारी के रूप में युवाओं में अनुशासन, देशभक्ति और सेवा भावना विकसित करने में उनके योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं शिक्षकों ने तिवारी को शॉल, श्रीफल और स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर शिक्षक रागनी तिवारी, एचएस यादव, नीरज तिवारी, बीएल पाण्डेय, अरुण पाठक, शमीम खान, सेवानिवृत्त शिक्षक मलखान सिंह, गणेश सिंह सहित अन्य उपस्थित लोगों ने उनके सेवाकाल में किए गए कार्यों और उपलब्धियों को याद करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
अपने उद्बोधन में आनंद लाल तिवारी ने सेवाकाल से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने सहयोगी शिक्षकों, विद्यार्थियों और शिक्षा विभाग से मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन शुभकामनाओं, सम्मान और भावभीनी विदाई के साथ हुआ।




