टीकमगढ़/खरगापुर, सोनू विश्वकर्मा। सावन माह के पावन अवसर पर रविवार को खरगापुर के प्राचीन हनुमान मंदिर से कुंडेश्वर धाम के लिए भव्य कांवड़ यात्रा का शुभारंभ हुआ। “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष के बीच हजारों शिवभक्त कांवड़ लेकर यात्रा में शामिल हुए। भजन-कीर्तन और डीजे की धुन पर आगे बढ़ते कांवड़ियों के उत्साह से पूरा नगर शिवमय नजर आया।
कांवड़ यात्रा का नेतृत्व कर रहे स्काई राज यादव ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य सनातन धर्म का प्रचार-प्रसार करने के साथ युवाओं में धार्मिक चेतना जागृत करना और समाज में एकता व भाईचारे का संदेश देना है। यात्रा खरगापुर से कुंडेश्वर धाम तक जाएगी, जहां सोमवार को शिवभक्त भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक करेंगे।
नगर के प्रमुख मार्गों से कांवड़ यात्रा गुजरने के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और नागरिकों ने शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल और जलपान की व्यवस्था भी की गई। यात्रा में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और बुजुर्ग श्रद्धालु शामिल हुए। सोमवार को कुंडेश्वर धाम पहुंचकर कांवड़िए भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे और विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना करेंगे।




