भोपाल, जीतेन्द्र यादव। विपक्ष के प्रदर्शन को लेकर मध्य प्रदेश की सियासत गरमा गई है। प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि बीता दिन लोकतंत्र के लिए 'काला दिन' था। सारंग ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान भगवान राम की प्रतिमा को सड़क पर रखकर और जूते-चप्पल पहनकर उनका अपमान किया गया। उन्होंने राहुल गांधी पर भी हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा सनातन का अपमान किया है और सनातनी इसका जवाब जरूर देंगे। सारंग के इन आरोपों के बाद प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना है।


दतिया उपचुनाव पर सारंग का दावा- प्रचंड बहुमत से जीतेगी भाजपा


दतिया उपचुनाव को लेकर कांग्रेस नेताओं के बीच जारी बयानबाजी पर मंत्री विश्वास सारंग ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे कांग्रेस की 'हारी हुई मानसिकता' का परिचायक बताया। सारंग ने दावा किया कि दतिया उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज करेगी। चुनाव में गड़बड़ी के आरोपों पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल अफवाह फैलाने का काम करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में है और जनता का समर्थन पार्टी के साथ है।


कॉमनवेल्थ गेम्स में एमपी के दो खिलाड़ियों ने जीता सिल्वर, खेल मंत्री सारंग ने दी बधाई


कॉमनवेल्थ गेम्स में मध्य प्रदेश के दो खिलाड़ियों के सिल्वर मेडल जीतने पर प्रदेश के खेल मंत्री विश्वास सारंग ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स में मध्य प्रदेश का जलवा बरकरार है। प्रदेश की बेटी यामिनी मौर्य ने जूडो में और अजय बाबू ने वेटलिफ्टिंग में सिल्वर मेडल जीतकर मध्य प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। सारंग ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में अभी मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों से और भी पदक की उम्मीद है। आने वाले मुकाबलों में प्रदेश के खिलाड़ी और मेडल जीतकर देश के खाते में डालेंगे।