भोपाल, जीतेन्द्र यादव। सस्ते दामों पर पैक्ड खाद्य सामग्री खरीदने वाले उपभोक्ताओं के लिए यह खबर बेहद महत्वपूर्ण है। राजधानी भोपाल में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नियर एक्सपायरी और एक्सपायरी पैक्ड खाद्य सामग्री का बड़ा जखीरा जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह संदिग्ध खाद्य सामग्री गुजरात से मंगाई गई थी और इसे आधी कीमत पर छोटे व्यापारियों तथा साप्ताहिक हाट-बाजारों में बेचने की तैयारी की जा रही थी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने करोंद-भानपुर क्षेत्र में छापामार कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में बटर पॉपकॉर्न, पोदीना मिलेट, पोटैटो चिप्स, कॉर्न फ्लोर सहित अन्य पैक्ड खाद्य उत्पाद बरामद किए। जांच में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान का एफएसएसएआई पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
विभाग के अनुसार, संचालक शादाब खान एक्सपायरी अथवा नियर एक्सपायरी पैक्ड खाद्य सामग्री को 50 प्रतिशत तक की छूट का लालच देकर बेच रहा था। अधिकारियों को आशंका है कि इन उत्पादों को कम कीमत का प्रलोभन देकर बाजार में खपाने की योजना बनाई गई थी, जिससे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता था।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने जब्त किए गए खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित संचालक के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि अत्यधिक छूट पर बिकने वाले पैक्ड खाद्य उत्पाद खरीदने से पहले उनकी एक्सपायरी डेट और पैकेजिंग की सावधानीपूर्वक जांच अवश्य करें।




