छतरपुर, संदीप यादव। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर भंडारे से लौट रहे एक 15 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल अनिकेत प्रजापति (15) पिता कमलेश प्रजापति, निवासी फूला देवी मंदिर के पास वार्ड क्रमांक 11, को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घायल की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घायल के चाचा विनोद ने बताया कि अनिकेत अपने बड़े भाई के साथ दोपहर करीब 1 बजे फूला देवी मंदिर में आयोजित भंडारे में गया था। लौटते समय मंदिर के पास कुछ युवकों से उसकी कहासुनी हो गई, जिसे मौके पर शांत करा दिया गया। इसके बाद अनिकेत अपने भाई के साथ घर लौट रहा था। आरोप है कि तभी बाईपास रोड निवासी मूलु अनुरागी ने पीछे से आकर अनिकेत की पीठ पर चाकू से तीन वार कर दिए। हमले में उसकी पीठ और हाथ के अंगूठे में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद घायल किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे निजी वाहन से सिटी कोतवाली थाना लेकर पहुंचे, जहां उसकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने मेडिकल परीक्षण के लिए उसे जिला अस्पताल भेजा। अस्पताल में इमरजेंसी ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर रोशन द्विवेदी ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर चोटों को देखते हुए अनिकेत को ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




