भोपाल, जीतेन्द्र यादव। रक्षाबंधन से पहले लाड़ली बहना योजना को लेकर पूर्व विधायक आरडी प्रजापति ने सरकार और राजनीतिक दलों पर तीखा हमला बोला। मंडल कमीशन लागू कराने सहित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर बोर्ड ऑफिस चौराहे पर आयोजित धरने को संबोधित करते हुए प्रजापति ने कहा कि चुनाव के समय नेताओं को हमारी बेटियां और बहनें याद आती हैं, लेकिन चुनाव के बाद उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जाता।


प्रजापति ने कहा, "आरक्षण विरोधी हो तो हमारे वोट क्यों लेते हो। चुनाव के समय हमारी बेटियों के चरण धोते हो और उन्हें लाड़ली बहना कहते हो।" उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान नेताओं द्वारा महिलाओं को तरह-तरह के संबोधन देकर वोट मांगे जाते हैं, लेकिन बाद में उनके हितों की अनदेखी की जाती है।


रक्षाबंधन का जिक्र करते हुए प्रजापति ने लाड़ली बहना योजना पर सवाल उठाते हुए कहा, "लाड़ली बहना कहते हो, आज लाड़ले बहनोई चीनी कहां से लाएंगे रक्षाबंधन मनाने को?" उनके इस बयान के बाद धरना स्थल पर मौजूद लोगों ने भी सरकार की योजनाओं और महिला हितों को लेकर सवाल उठाए।


प्रजापति ने कहा कि देश और मध्य प्रदेश में मंडल कमीशन को प्रभावी रूप से लागू कराने समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर यह धरना आयोजित किया गया है। उन्होंने मांगों को लेकर आंदोलन को आगे भी जारी रखने की बात कही।


धरने में आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के नेता दामोदर यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। वक्ताओं ने सामाजिक न्याय, आरक्षण और अन्य मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की।