मुरैना। जिले के पोरसा कस्बे में पुरानी रंजिश के चलते आठ बदमाशों द्वारा तीन युवकों को बंधक बनाकर जंगल में ले जाकर बेरहमी से मारपीट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने तीनों युवकों को करीब छह घंटे तक मुर्गा बनाकर डंडों से पीटा और उन्हें अपराधी साबित करने के लिए उनके पास कट्टा तथा चोरी की बाइक रखकर वीडियो भी बनाया। घटना के दस दिन बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार फरियादी सौरभ तोमर और मुख्य आरोपी आकाश तोमर पहले राशन दुकानों से सरकारी चावल खरीदकर दूसरे स्थानों पर बेचने का अवैध कारोबार करते थे। पिछले वर्ष प्रशासन द्वारा चावल से भरा ट्रक जब्त किए जाने के बाद आकाश को शक था कि इसकी सूचना सौरभ ने दी थी। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने बदला लेने की योजना बनाई।
31 मई को आरोपियों ने पहले सौरभ के मित्र हर्ष भदौरिया और लकी तोमर को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद लकी से फोन कराकर सौरभ को ज्ञानंद पुरा के पास जंगल में बुलाया गया। जैसे ही सौरभ मौके पर पहुंचा, आरोपियों ने उसे भी पकड़ लिया और तीनों युवकों को घेरकर डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। पीड़ित लगातार रहम की गुहार लगाते रहे, लेकिन आरोपियों ने उनकी एक नहीं सुनी।
बताया गया है कि शाम करीब साढ़े पांच बजे आरोपियों ने तीनों युवकों को छोड़ा, लेकिन जाते-जाते दो दिन के भीतर एक लाख रुपये की रंगदारी देने की धमकी भी दी। मामले में सामने आए पांच वीडियो में आरोपी युवकों को मुर्गा बनाकर पीटते, जबरन चोरी कबूल करवाते और गाली-गलौज करते दिखाई दे रहे हैं।
पोरसा थाना प्रभारी दिनेश कुशवाहा ने बताया कि चावल कारोबार से जुड़ी रंजिश और एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने की शिकायत सही पाई गई है। पुलिस ने 10 जून को आकाश तोमर, खिलाड़ी, मनीष, वीरू, छोटू, प्रमोद, हिमांशु और विष्णु तोमर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

