नई दिल्ली, रोहित पाठक। दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अपने 29वें जन्मोत्सव कार्यक्रम के दौरान बागेश्वर महाराज ने समाज कल्याण की दिशा में एक ऐतिहासिक और बड़ा संकल्प लिया है। बागेश्वर महाराज ने मंच से खुले तौर पर ऐलान किया है कि अब से वे प्रत्येक दिन एक बेटी का यानी साल में कुल 365 गरीब और जरूरतमंद बेटियों का पूरी भव्यता के साथ विवाह (कन्यादान) संपन्न कराएंगे। इस परोपकारी घोषणा के बाद से ही उनके श्रद्धालुओं और आम जनता में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
यह घोषणा दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित 'ज्ञान, ध्यान और दान दिवस' महोत्सव के दौरान की गई। इस पावन अवसर पर देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालु भक्तों के अलावा दिल्ली के मुख्यमंत्री, बिहार एवं मध्यप्रदेश के कई मंत्री, सांसद, विधायक, देश के शीर्ष संत-महात्मा और अनेक प्रतिष्ठित उद्योगपति उपस्थित रहे। सभी विशिष्ट अतिथियों और संतों की मौजूदगी में बागेश्वर महाराज ने इस संकल्प को दोहराया। इसके साथ ही जन्मोत्सव कार्यक्रम के दौरान वहां उपस्थित साधु-संतों और दिल्ली के मुख्यमंत्री के करकमलों से 29 बेटियों को 'शिक्षा का दान' भी प्रदान किया गया, ताकि समाज में बेटियों के उज्जवल भविष्य और शिक्षा को बढ़ावा दिया जा सके।



