नई दिल्ली, रोहित पाठक। पूज्य बागेश्वर सरकार ने अपना 29वां जन्मोत्सव ज्ञान, ध्यान और दान दिवस के रूप में भव्य आयोजन के साथ मनाया। नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित समारोह में देशभर से हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। जन्मोत्सव के अवसर पर बागेश्वर सरकार को शुभकामनाएं देने के लिए शीर्ष संत, दिल्ली के मुख्यमंत्री, बिहार एवं मध्यप्रदेश के मंत्री, सांसद, विधायक, उद्योगपति तथा बड़ी संख्या में उनके अनुयायी उपस्थित रहे।
समारोह की सबसे विशेष पहल 29 बेटियों को शिक्षा का दान प्रदान करना रही। बागेश्वर सरकार ने उपस्थित संतों और अतिथियों के करकमलों से प्रत्येक बेटी को एक स्कूल बैग, बागेश्वर बालाजी का चित्र, शॉल तथा 51 हजार का चेक भेंट कराया। इस पहल को शिक्षा और समाजसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संत चिदानंद मुनि जी ने कहा कि भारत मंडपम के इतिहास में यह पहला अवसर है जब इसके तीनों फ्लोर पर एक साथ हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि यहां अनेक बड़े आयोजन होते रहे हैं, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का एकत्रित होना बागेश्वर सरकार के प्रति लोगों की गहरी आस्था और विश्वास को दर्शाता है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री ने भी समारोह में बागेश्वर सरकार को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सामाजिक और धार्मिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बागेश्वर सरकार समाज में धर्म जागरण, सेवा और संस्कारों का संदेश दे रहे हैं तथा हजारों बेटियों के जीवन में शिक्षा के माध्यम से नई उम्मीद जगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मात्र 29 वर्ष की आयु में समाज को ऐसी प्रेरणा देने वाले संत विरले ही होते हैं।
भव्य आयोजन का समापन प्रसिद्ध गायक बी प्राक द्वारा प्रस्तुत राधा नाम और भगवान हनुमान के भजनों के साथ हुआ। भक्ति संगीत से सराबोर वातावरण में श्रद्धालुओं ने बागेश्वर सरकार के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और समाज सेवा के संकल्प की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान भारत मंडपम श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के रंग में रंगा नजर आया।

