छतरपुर, रोहित पाठक। बागेश्वर धाम में आयोजित 9 दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए छतरपुर पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के साथ कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। महोत्सव में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से यह निरीक्षण किया गया।


एसपी रजत सकलेचा ने पूरे बागेश्वर धाम परिसर का पैदल भ्रमण कर श्रद्धालुओं के आगमन एवं निकास मार्ग, परिक्रमा मार्ग, कथा पंडाल, पार्किंग व्यवस्था तथा सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पाटिले, एसडीओपी खजुराहो, थाना प्रभारी वाल्मीकि चौबे, आरआई पुलिस लाइन, यातायात प्रभारी बृहस्पति साकेत, निरीक्षक संदीप दीक्षित, उप निरीक्षक मोहर सिंह सिकरवार, संबंधित चौकी प्रभारी एवं बागेश्वर धाम सेवा समिति के सदस्य भी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं।