छतरपुर, शिवम सोनी । जिले के नौगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत करारा गंज एवं गलान में जल निगम द्वारा कराए जा रहे पानी की टंकी निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में तकनीकी खामियों के साथ गुणवत्ता को लेकर भी लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने अधिकारियों से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार नौगांव जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों में पानी की टंकी निर्माण, पाइप लाइन बिछाने तथा हर घर तक पानी पहुंचाने की योजना के तहत कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक संबंधित कार्य का ठेका केवश कृपा फर्म के पास है। आरोप है कि ठेकेदार और सब इंजीनियर की कथित मिलीभगत से निर्माण कार्य में अनियमितताएं की जा रही हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण स्थल पर नाबालिग बच्चों से मजदूरी कराई जा रही है और श्रमिकों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। वहीं पानी की टंकी के कुछ पिलर पहले ही क्षतिग्रस्त होकर लेट चुके थे, बावजूद इसके उन्हीं पिलरों पर दोबारा निर्माण कार्य किए जाने का आरोप लगाया गया है।
मामले में जनरल जीएम अनमोल कोछार ने कहा कि समाचार पत्रों के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली है। मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करने की बात कही है।











