भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में कुल 178 आवेदन प्राप्त हुए। इस दौरान ग्राम पंचायत चंदेरी, तहसील हुजूर में विकास कार्यों की राशि में कथित गड़बड़ी का मामला प्रमुखता से सामने आया। ग्रामीणों ने कलेक्टर को शिकायत सौंपकर सरपंच, सचिव और संबंधित इंजीनियर पर करीब 63 लाख रुपए के वित्तीय अनियमितता और गबन का आरोप लगाया। शिकायतकर्ता देशराज मीणा के अनुसार मां विंध्यवासिनी मंदिर में शेड निर्माण और सीसी सड़क के लिए विधायक निधि से स्वीकृत 20 लाख रुपए का दुरुपयोग किया गया। साथ ही दो पुराने तालाबों को नया दर्शाकर 30 लाख रुपए की राशि खर्च दिखा दी गई तथा वर्ष 2023 से 2025 के बीच तालाबों की नीलामी से प्राप्त लगभग 13 लाख रुपए भी सरकारी खाते में जमा नहीं कराए गए। ग्रामीणों का कहना है कि चार बार शिकायत करने के बावजूद अब तक संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं जनसुनवाई में ऐशबाग हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के रहवासियों ने 600 मकानों को तोड़े जाने का विरोध किया, जबकि अन्य आवेदनों में जाति प्रमाण पत्र, शिक्षा सहायता और शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण जैसी समस्याएं भी प्रशासन के समक्ष रखी गईं।