लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने जाति जनगणना, आरक्षण, सरकारी नौकरियों, पेपर लीक, स्कूल बंद होने और समाजवादी पार्टी-कांग्रेस के बीच संभावित सीट बंटवारे सहित कई मुद्दों पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और उनके नेताओं को निशाने पर लिया। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार में बिना पैसे के लाखों लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार मिला है। वहीं, 2027 की जनगणना को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जो कहते हैं, वह करके दिखाते हैं।
अखिलेश यादव की ओर से जाति जनगणना और आरक्षण के मुद्दे पर एनडीए को घेरने पर राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव कभी जाति जनगणना के पक्षधर नहीं रहे। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अखिलेश यादव पांच साल तक मुख्यमंत्री रहे, लेकिन वे कोई ऐसा वीडियो दिखाएं जिसमें उन्होंने किसी जनसभा, चुनावी रैली या मीडिया के सामने जाति जनगणना कराने की घोषणा की हो।
आरक्षण के मुद्दे पर राजभर ने कहा कि 27 प्रतिशत आरक्षण का लाभ केवल 12 मजबूत जातियां उठा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि तीन सितंबर 2013 को हाईकोर्ट ने इस स्थिति का उल्लेख करते हुए आरक्षण को बांटकर सभी जातियों तक लाभ पहुंचाने की बात कही थी। उस समय अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे, लेकिन उन्होंने अदालत के आदेश पर ध्यान नहीं दिया। राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव को जाति जनगणना और आरक्षण की चिंता नहीं है, बल्कि वे अपने परिवार के विकास के बारे में सोचते हैं।
शिवपाल यादव की ओर से भाजपा सरकार में युवाओं को रोजगार नहीं मिलने और स्कूल बंद किए जाने के आरोपों पर राजभर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि शिवपाल यादव को पता होना चाहिए कि मौजूदा सरकार में 10 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां बिना पैसे दिए दी गई हैं। इसके अलावा दो लाख से ज्यादा लोगों को रोजगार मिला है। राजभर ने समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उस समय नौकरी का विज्ञापन निकलते ही शिवपाल यादव और उनसे जुड़े लोग सक्रिय हो जाते थे और नौकरियों के लिए बोली लगती थी। अयोग्य लोग पैसे के बल पर नौकरी हासिल करते थे। उन्होंने शिवपाल यादव को अपनी पिछली सरकार के कार्यकाल की स्थिति याद करने की सलाह दी और कहा कि वे नौकरी पाने वाले लोगों से मिलकर मौजूदा व्यवस्था के बारे में जानकारी ले सकते हैं।
पेपर लीक और भर्तियों को लेकर अखिलेश यादव की टिप्पणियों पर भी राजभर ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की परेशानी यह है कि उनकी सरकार होती तो भर्ती के नाम पर पैसा मिलता, जबकि मौजूदा सरकार में भर्तियां बिना पैसे के हो रही हैं। राजभर ने दावा किया कि इसी वजह से अखिलेश यादव परेशान रहते हैं।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव के दलित समुदाय को लेकर दिए गए कथित बयान पर ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि उन्होंने अखिलेश यादव और राम गोपाल यादव, दोनों के भाषण सुने हैं। उन्होंने अखिलेश यादव की 'दमदार दलित' वाली टिप्पणी पर पलटवार करते हुए मायावती और गेस्ट हाउस कांड का उल्लेख किया। राजभर ने आरोप लगाया कि उस घटना में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मायावती की हत्या की योजना बनाई थी। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा नेता ब्रह्मदत्त द्विवेदी वहां नहीं पहुंचे होते, तो मायावती की जान जा सकती थी। इस तरह उन्होंने समाजवादी पार्टी पर दलितों के प्रति उसके रवैये को लेकर सवाल उठाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस बयान पर कि 2027 की जनगणना में कोई नहीं छूटेगा और सटीक आंकड़ों के लिए बेहतर योजना बनाई गई है, राजभर ने भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जो कहते हैं, उसे पूरा करते हैं। जाति जनगणना कराने की बात भी कही गई है और इसे कराया जाएगा। उन्होंने अखिलेश यादव से धैर्य रखने को कहा और कहा कि जनगणना पूरी होने के बाद ही उसके परिणामों पर सवाल उठाना उचित होगा।
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर होने वाली बैठक पर राजभर ने कहा कि कांग्रेस जितनी सीटें मांग रही है, समाजवादी पार्टी उतनी सीटें देने को तैयार नहीं होगी। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी को भी टीएमसी और आरजेडी की तरह कमजोर या खत्म करना चाहती है, ताकि उसके लिए राजनीतिक जगह बन सके। उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस की नजर असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के मोर्चे पर है और वह उसमें शामिल होने की तैयारी कर रही है।
आजम खान के साथ अन्याय और मुस्लिम होने के कारण सत्ता के दुरुपयोग के अखिलेश यादव के आरोप पर राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव खुद इंसाफ की बात कर रहे हैं, जबकि चार बार मुसलमानों ने उन्हें वोट देकर मुख्यमंत्री बनाया। उन्होंने सवाल किया कि क्या अखिलेश यादव ने कभी किसी मुस्लिम नेता के बेटे को मुख्यमंत्री बनाने की पेशकश की? राजभर ने चुनौती दी कि यदि वे वास्तव में इंसाफ और इंसानियत की बात करते हैं, तो उन्हें घोषणा करनी चाहिए कि अगली बार सरकार बनने पर किसी मुस्लिम के बेटे को मुख्यमंत्री बनाएंगे।













