नई दिल्ली। उत्तर पूर्वी दिल्ली के थाना खजूरी खास इलाके में सोनिया विहार जीरो पुस्ते पर दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा के कैंप कार्यालय के पास एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान समीर के रूप में हुई है। इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया।

हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही खजूरी खास थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।

आरोपियों की पहचान का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि वारदात से पहले संदिग्धों की इलाके में क्या गतिविधियां थीं और घटना के बाद वे किस दिशा में गए।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आपसी रंजिश समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें बना दी गई हैं। मौके पर क्राइम टीम और एफएसएल टीम को बुलाया गया। क्राइम टीम और एफएसएल टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बताया जा रहा है कि मंत्री के कैंप कार्यालय के पास हुई इस वारदात से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी से इलाके में दहशत का माहौल है। लोग घरों से निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। मृतक समीर के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है कि क्या उसकी किसी से पुरानी रंजिश थी या हाल में किसी से कोई विवाद हुआ था। उसके परिजनों और जानने वालों से भी पूछताछ की जा रही है।