छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। जिले के बिछुआ थाना क्षेत्र के खमारपानी में शनिवार रात एक शराब दुकान कर्मचारी की बर्थडे पार्टी के दौरान हवाई फायरिंग का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, पुलपुलढो रोड स्थित शराब दुकान के कर्मचारी कमलेश सूर्यवंशी का जन्मदिन मनाया जा रहा था। इसी दौरान पार्टी में मौजूद एक व्यक्ति ने लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बिछुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए चार लोगों को राउंडअप कर लिया। पुलिस ने फायरिंग करने वाले संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हवाई फायरिंग की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
बिछुआ थाना प्रभारी सतीश उइके ने बताया कि पुलिस यह पता लगा रही है कि जिस बंदूक से फायरिंग की गई वह किसके नाम पर लाइसेंसशुदा है तथा उसका उपयोग किन परिस्थितियों में किया गया। साथ ही वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की हवाई फायरिंग को गंभीरता से लेते हुए पूरे घटनाक्रम की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।




