भोपाल। केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हाल ही में सोशल मीडिया पर कई वीडियो शेयर किए हैं, जिनमें वह GEN-Z और Gen-Alpha पीढ़ी की तारीफ करते और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए नज़र आ रहे हैं।


GEN-Z और Gen-Alpha के मुरीद हुए शिवराज

शिवराज सिंह चौहान ने एक वीडियो शेयर करते हुए GEN-Z (1997-2012 के बीच पैदा हुए) और Gen-Alpha (2010 के बाद पैदा हुए) पीढ़ी को बहुत हुनरमंद बताया। उन्होंने कहा कि इस पीढ़ी के बच्चों में असीम प्रतिभा है और वे अपने सपनों को लेकर बहुत स्पष्ट हैं। उन्होंने कहा कि इनमें नई सोच, नई ऊर्जा और कुछ नया करने का जज़्बा है। चौहान ने बच्चों को अपना भांजा-भांजी बताते हुए कहा कि जब भी वह इन पीढ़ियों से मिलते हैं, तो उन्हें नित नई चीजें सीखने को मिलती हैं। शेयर किए गए वीडियो में शिवराज स्कूली छात्र-छात्राओं से हाथ मिलाते, उन्हें गले लगाते, आशीर्वाद देते और उन पर पुष्प वर्षा करते हुए दिखाई दे रहे हैं।


कांग्रेस और विपक्ष के ‘लोकतंत्र बचाओ’ मार्च पर तंज

INDIA गठबंधन द्वारा 2 से 8 अक्टूबर तक देशभर में बुलाए गए 'लोकतंत्र बचाओ' मार्च को शिवराज सिंह चौहान ने आड़े हाथों लिया। उन्होंने इसे 'परिवार बचाओ' या 'सेव डायनेस्टी' मार्च करार दिया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब कांग्रेस चुनाव हारती है, तो बदनामी पर उतर आती है। चौहान ने आरोप लगाया कि जीत मिलने पर कांग्रेस 'लोकतंत्र जिंदाबाद' कहती है, लेकिन हारने पर 'चुनाव आयोग मुर्दाबाद' का नारा लगाती है। चौहान ने कहा कि अपनी लगातार हार के बाद आत्ममंथन करने की जगह, कांग्रेस और सहयोगी दल देश की संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं। उनके अनुसार, जनादेश का अपमान करना कांग्रेस के DNA में है। चुनाव आयोग द्वारा किए जा रहे स्पेशल इंटेसिव रिवीजन (SIR) यानी मतदाता सूची के पुनरीक्षण का बचाव करते हुए उन्होंने कहा कि इससे चुनाव में पारदर्शिता आती है और जनता का भरोसा बढ़ता है।