मुंबई। अभिनेत्री आकांक्षा रंजन अपनी हालिया रिलीज फिल्म 'इक्का' को लेकर चर्चा में हैं। यह एक कोर्टरूम ड्रामा फिल्म है, जिसमें उन्होंने सनी देओल और अक्षय खन्ना के साथ एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हाल ही में आकांक्षा पर भी 'धुरंधर' फिल्म का खुमार चढ़ गया है, और उन्होंने सोशल मीडिया पर सनी देओल की इस फिल्म (इक्का) को एक मजेदार ट्विस्ट दिया है।आकांक्षा ने फिल्म की शूटिंग और सेट से जुड़े पर्दे के पीछे (बीटीएस) के कुछ खास पल साझा किए हैं। इनमें से पहली तस्वीर में वह अपने शरीर पर 'नकली खून' (फेक ब्लड) लगाती हुई नजर आ रही हैं। आकांक्षा की ओर से शेयर किए गए वीडियो में फिल्म का एक सीन दिखाया गया है, जिसमें अक्षय का किरदार आकांक्षा के किरदार की हत्या कर देता है। कुछ अन्य झलकियां सेट के पलों की थीं।

आकांक्षा ने कैप्शन में ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर' के अक्षय के चर्चित किरदार रहमान डकैत से प्रेरित एक डायलॉग जोड़ा। उन्होंने लिखा, "रहमान डकैत की दी हुई मौत बड़ी कसाईनुमा होती है। क्या आपने 'इक्का' देखी है?"

'इक्का' एक लीगल थ्रिलर फिल्म है, जिसे सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा ​​ने डायरेक्ट और प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म एक मशहूर और ईमानदार वकील के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी बेटी को बचाने के लिए हत्या के आरोपी एक बुरे इंसान का बचाव करने के लिए मजबूर होने पर नैतिक दुविधा का सामना करता है। फिल्म में दीया मिर्जा, तिलोत्तमा शोम, और संजीदा शेख भी हैं।

वहीं, 'धुरंधर' को आदित्य धर ने डायरेक्ट किया है। यह एक बड़े सीक्रेट ऑपरेशन पर आधारित है, जिसका मकसद आतंकवाद का खात्मा करना है। फिल्म एक अंडरकवर भारतीय इंटेलिजेंस एजेंट की कहानी है, जो भारत को निशाना बनाने वाले आतंकी नेटवर्क को खत्म करने की कोशिश में कराची के क्रिमिनल सिंडिकेट और पाकिस्तान के राजनीतिक सत्ता ढांचे में घुसपैठ करता है।

फिल्म में रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, सारा अर्जुन, राकेश बेदी, गौरव गेरा और दानिश पंडोर हैं।