इंदौर, रविकांत वर्मा। खजराना पुलिस ने नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए एक प्रॉपर्टी ब्रोकर को गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रॉपर्टी ब्रोकर के रूप में काम करते हुए गांजे की तस्करी कर रहा था। पुलिस ने उसके पास से 2 किलो से अधिक गांजा और स्कूटी जब्त की है।
खजराना थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव को मुखबिर से सूचना मिली कि स्कीम नंबर 134 स्थित चार्टर्ड बस स्टॉप के पीछे एक व्यक्ति नशीले पदार्थ की डिलीवरी देने आ रहा है। सूचना पर तुरंत टीम गठित कर घेराबंदी की गई।
पुलिस टीम को देखते ही स्कूटी सवार आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत दबोच लिया। आरोपी की पहचान अनिल कौशल (एरोड्रम क्षेत्र निवासी) के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से 2 किलो से अधिक अवैध गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ में अनिल कौशल ने कबूल किया कि वह खुद नशे का आदी है। मात्र 8वीं पास आरोपी ने जल्दी अमीर बनने के लालच में प्रॉपर्टी ब्रोकर की आड़ में गांजे की तस्करी शुरू कर दी थी। पुलिस अब उसके मोबाइल डेटा, कॉल रिकॉर्ड और अन्य संपर्कों के आधार पर उसके सप्लायर व ग्राहकों के पूरे नेटवर्क की छानबीन कर रही है। खजराना थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव ने कहा कि इंदौर को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। ऐसे तस्करों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

